राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष सहित सदस्यों को सरकार की संचालित विभिन्न योजनाओं, क्रियाकलापों के बारे में जानकारी दी गई। पांच दिवसीय अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का अध्यक्ष जिला पंचायत अजय मौर्य ने जिला पंचायत सभागार में सोमवार को दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। अध्यक्ष मौर्य ने बताया कि 17 अक्तूबर तक विभिन्न विभागों की ओर से सदस्यों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने सदस्यों से आग्रह किया कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों के दिए जाने वाले प्रशिक्षण को अच्छी तरह समझें, ताकि सरकार की चलाई जा रही विभिन्न विकास योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में आसानी हो। अपर मुख्य अधिकारी जीके भट्ट ने पंचायती राज गठन संबंधी जानकारी दी। साथ ही त्रि-स्तरीय पंचायतों के कार्यकलापों और जिला पंचायत के कर्तव्य व अधिकार और विभागीय कार्य कलापों के संबंध में जानकारी दी। प्रशिक्षण सत्र में पंचायती राज विभाग से उपस्थित जिला पंचायत राज अधिकारी ने पंचायती राज विभाग के कार्यों के संबंध में जानकारी दी। सीवीओ आशुतोष जोशी ने विभाग की संचालित योजनाओं के बारे में बताया। प्रशिक्षण में जिला पंचायत सदस्य सुषमा हालदार, सूरज नारायण, संगीता राणा, शिल्पी सिंह, आशा देवी, प्रेम प्रकाश, रीता कफलिया, भावना कोरंगा, सुनीता सिंह आदि उपस्थित रहीं।