भारत सरकार की ओर से चिन्हित आकांक्षी जिला और विकास खंड कार्यक्रम के तहत किए जा रहे कार्यों की मंडलायुक्त दीपक रावत ने समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के अधिकारियों को निर्देश दिए। जिला सभागार में शुक्रवार को हुई बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि सामाजिक, आर्थिक रूप से वास्तविक पिछड़ों को चिन्ह्ति कर उनको विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित कर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने पूरे भारत में चिन्हित 112 आकांक्षी जिलों में ऊधमसिंह नगर को चौथा स्थान आने पर सभी को बधाई दी। मंडलायुक्त ने नीति आयोग के सामाजिक व आर्थिक संकेतांकों पर किए जा रहे कार्यो की विस्तृत समीक्षा करते हुए गर्भवती महिलाओं को शत-प्रतिशत पंजीकरण करने व हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को चिन्हित करते हुए विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने संस्थागत प्रसव और बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने के निर्देश सीएमओ व डीपीओ को दिए। उन्होंने टीबी मुक्त भारत अभियान की और मरीजों को चिन्हित कर उनकी जांच व दवा वितरण करने के निर्देश दिए। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने सभी अधिकारियों को समन्वय बनाने के निर्देेश दिए। बैठक में सीडीओ दिवेश शाशनी, डीएमओ यूसी तिवारी, संयुक्त निदेशक अर्थ एवं संख्या राजेंद्र तिवारी थे।