अवैध निर्माण पर जिला प्रशासन सख्त रूप अपनाने जा रहा है। एडीएम पंकज उपाध्याय ने मंगलवार शाम टीम के साथ क्षेत्र में फाजिलपुर महरौला और प्रीत विहार में सीलिंग की जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण देखे। इस दौरान आठ अवैध निर्माण पाए गए। एडीएम ने अधीनस्थों को बुधवार को निर्माणाधीन भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के निर्देश दिए। एडीएम पंकज उपाध्याय ने मंगलवार शाम तहसीलदार दिनेश कुटौला, एनएनए नरेश दुर्गापाल व टीम के साथ प्रीत विहार और फाजिलपुर महरौला में सीलिंग की जमीन का निरीक्षण किया। कई जगहों पर जमीनों पर अवैध निर्माण होता मिला। उन्होंने अवैध निर्माण पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने की बात कही। निरीक्षण के बाद एडीएम उपाध्याय ने कहा कि सीलिंग की जमीन पर बड़े भूभाग में उच्च न्यायालय से यथास्थिति रखने का आदेश है। प्रशासन की ओर से कार्रवाई के बावजूद अवैध निर्माण नियंत्रित नहीं हो सका है। 1500 से अधिक भवनों के ध्वस्तीकरण के पहले आदेश हो चुके हैं। इन भवनों पर ध्वस्तीकरण की तारीख तय कर नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई की जाएगी। आठ जगहों पर नींव और बाउंड्री का निर्माण हो चुका है। बुधवार से प्राधिकरण की टीम पुलिस की मौजदूगी में भवनों को तोड़ने की कार्रवाई करेगी। ऐसे अवैध भवन, जो इस्तेमाल नहीं हो रहे हैं, उनका ध्वस्तीकरण किया जाएगा।