प्रभारी निरीक्षक अगस्त्यमुनि गुमान सिंह नेगी द्वारा राजस्व ग्राम से नियमित पुलिस क्षेत्र में सम्मिलित हुई विभिन्न ग्राम सभाओं के साथ जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम सभा हरियाली, रतनपुर, मेदनपुर एवं सेमा के जनप्रतिनिधियों, महिलाओं तथा स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति में आयोजित इस गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच समन्वय स्थापित करना था। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी निरीक्षक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि नियमित पुलिस क्षेत्र में आने के बाद अब किसी भी शिकायत या घटना पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा का वातावरण और अधिक मजबूत होगा। गोष्ठी के दौरान वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों पर गहरी चर्चा की गई और ग्रामीणों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल तथा संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की भी जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक किया गया।