कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय में विरोध मार्च निकालकर प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में छात्रों के समर्थन में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य नेताओं के साथ दुर्व्यवहार तथा छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि मांग पूरी होने तक कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा। कांग्रेस नेता लक्ष्मण रावत ने कहा कि छात्रों के समर्थन में शांतिपूर्ण मार्च निकाला जा रहा था, लेकिन सरकार ने प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को भी जबरन हिरासत में लिया गया। पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि देशभर में छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। उनका आरोप था कि कई भर्ती और परीक्षा प्रक्रियाओं में पेपर लीक की घटनाओं के बावजूद सरकार जवाबदेही से बच रही है। कांग्रेस नेता प्रदीप थपलियाल ने कहा कि छात्रों के साथ किया गया व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और कांग्रेस इसका विरोध करती है। जिला पंचायत सदस्य अजबीर भंडारी ने कहा कि शिक्षा के मुद्दे पर छात्रों को आंदोलन करना पड़ रहा है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। पूर्व नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष राय सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान सिविल ड्रेस में लोगों द्वारा छात्रों के साथ मारपीट की गई।