विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पुनाड़-बारसू क्षेत्र में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वनाग्नि से प्रभावित क्षेत्रों को पुनः हरा-भरा बनाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। तूना रोड के समीप आयोजित कार्यक्रम में रुद्रा यूथ क्लब, वन विभाग, मेरा युवा भारत (एमवाई भारत) और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। इस दौरान प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया। वक्ताओं ने कहा कि वनाग्नि से प्रभावित जंगलों को पुनर्जीवित करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। पर्यावरण संरक्षण को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर जन आंदोलन बनाने की जरूरत है।