रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय के समीप स्थित जवाड़ी पार्क। जो कभी बच्चों की किलकारियों और परिवारों की चहल-पहल से गुलजार रहता था। आज बंद होकर खंडहर में तब्दील हो गया है। पिछले वर्ष आई भारी बारिश में जवाड़ी बायपास का करीब 600–700 मीटर हिस्सा भारी भूस्खलन की चपेट में आ गया था। भूस्खलन ने न सिर्फ जवाड़ी बायपास को भारी नुकसान हुआ बल्कि मुख्यालय का एकमात्र पार्क भी इसकी जद में आने से क्षतिग्रस्त हो गया। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बना यह पार्क भूस्खलन के कारण गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। पार्क में बनी कैंटीन, पार्किंग, बच्चों के झूले-फिसलपट्टी और सजावटी पशु प्रतिमाएं भी टूट-फूट गई हैं। वहीं सुरक्षा कारणों से संचालकों ने पार्क पर ताला लगा दिया है। पार्क संचालक रोहित डिमरी ने बताया कि आपदा के बाद पार्क को भारी नुकसान हुआ है। बायपास मार्ग के पुनर्निर्माण के बाद ही पार्क के पुनर्स्थापन की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि पार्क बंद होने से आर्थिक नुकसान के साथ स्थानीय रोजगार पर भी असर पड़ा है। इधर, पार्क बंद होने से बच्चे और उनके अभिवावक भी निराश हैं। उनका कहना है कि पार्क बंद होने से अब रोजमर्रा के सैर सपाटे के लिए कोई अच्छा स्थान नहीं है। जिससे कारण बच्चे अब फोन पर चिपके रहते हैं। वहीं बच्चों का कहना है कि पार्क बंद होने से अब मस्ती के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने प्रशासन से जल्द पार्क के दुरुस्तीकरण की मांग की है।