अगस्त्यमुनि में घरों का गंदा पानी नालियों के जरिए मंदाकिनी नदी को दूषित कर रहा है। नगर पंचायत अगस्त्यमुनि के वार्ड 5 और 6 के घरों से निकलने वाली नालियों का गंदा पानी, लोग एनएच के कलवट में डाल रहे हैं, जो बहकर सीधे पवित्र मंदाकिनी नदी को प्रदूषित कर रहा है। नतीजा आस्था और जीवनदायिनी मानी जाने वाली यह नदी अब प्रदूषण की मार झेल रही है। स्थानीय लोगों में इसको लेकर गहरा आक्रोश है। व्यापार संघ अध्यक्ष त्रिभुवन नेगी ने नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी को पत्र प्रेषित कर इस समस्या के समाधान की मांग की है। उन्होंने कहा कि मंदाकिनी केवल जलधारा नहीं, बल्कि क्षेत्र की आस्था, आजीविका और पहचान का आधार है। ऐसे में इसमें गंदगी का प्रवाह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। उन्होंने समय रहते ठोस कदम उठाने की बात कही है। वहीं स्थानीय नागरिक सुशील गोस्वामी ने नगर पंचायत को नालियों के पानी के लिए वैकल्पिक निकासी व्यवस्था, सीवरेज लाइन या मिनी ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने की दिशा में तत्काल पहल करने की मांग की है।