पिरान कलियर में इमलीखेड़ा रोड दरगाह अब्दाल शाह के पास स्वास्थ्य विभाग की भूमि पर बनी अवैध मजार को प्रशासन ने जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। तहसीलदार विकास अवस्थी के नेतृत्व में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम जेसीबी मशीन के साथ कलियर पहुंची। पहले से चिन्हित इस मजार को ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान अन्य जगहों से भी अतिक्रमण हटाया गया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने बताया कि पहले यह सीलिंग की भूमि थी उसके बाद स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर कर दी गई थी। जिस भूमि पर मजार का निर्माण किया गया वह स्वास्थ्य विभाग की है। मजार पर पहले नोटिस चस्पा किया गया था। इसके बाद ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई। सरकारी भूमि पर किसी भी तरह का अवैध निर्माण स्वीकार्य नहीं है। सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।