भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश के प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत के दिशा निर्देशन में एनसीसी, एनएसएस और स्काउट गाइड के द्वारा नशा मुक्ति रैली का आयोजन किया गया। रैली विद्यालय से होते हुए शांति नगर बनखंडी,गंगानगर आदि क्षेत्रों में नशा मुक्ति का संदेश देते हुए चली। प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत ने कहा कि समाज में वर्तमान समय में हमें युवाओं को हर तरह के नशे से दूर रखना है। नशा मुक्त समाज बनाना ही शिक्षा का दायित्व भी है और हम सबका कर्तव्य भी है। प्रत्येक नागरिक को इसमें सहयोग करना चाहिए कि हमारे युवा कहीं भी किसी भी तरह से नशे की चपेट में ना आए। क्योंकि नशे की चपेट में आने के बाद युवा शिक्षा छोड़ देता है और समाज में असामाजिक व्यवहार करता है। जितने भी अपराध होते हैं उनमें अधिकतर नशे में ही हुए हैं। संपूर्ण समाज को एकजुट होकर नशे से होने वाले नुकसानों से युवाओं को जागरूक करना होगा और उनको सही दिशा देकर समाज की मुख्य धारा में जोड़ना होगा।