पिथौरागढ़। गंगोलीहाट के जिस युवक पर उसकी पत्नी और रिश्तेदार धर्मांतरण का दबाव बना रहे हैं उसे आखिकार सुरक्षा मिली है। वह पुलिस की निगरानी में है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक युवक और उसके बेटे को सुरक्षा प्रदान करते हुए उसकी पत्नी सहित पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि गंगोलीहाट ब्लॉक के ग्राम बोकटा निवासी विवेक सिंह के साथ दिल्ली निवासी यास्मीन ने अपनी इच्छा से उसके साथ मार्च 2020 में हिंदू रीति-रिवाज के साथ शादी की। दिल्ली में निजी कंपनी में काम करने वाले विवेक पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिल्ली के बृजपुरी डी ब्लॉक, गली नंबर तीन निवासी यास्मीन के पिता साकिर अली, मां सज्जो बानो और परिवार के अन्य लोगों ने उसे भरोसा दिलाया था कि उनका विवाह हिंदू रीति रिवाज से होगा। विवाह के बाद 2022 में दोनों का बेटा हुआ। आरोप है कि यास्मीन के परिवार ने बच्चे का गुपचुप खतना कराकर नाम बदलने के दस्तोवज तैयार कराए। इसके साथ ही उसकी पत्नी और बेटे को ससुराल बुलाकर उसे प्रताड़ित कर उस पर धर्मांतरण का दबाव बनाया जाने लगा। साकिर अली, सज्जो बानो, फिरोज, परवेज समेत यास्मीन और अन्य लोगों ने धर्मांतरण न करने पर उसे और उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह वह बेटे को लेकर वहां से पिथौरागढ़ पहुंचा है।तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने उसकी पत्नी सहित पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी कोंडे ने बताया कि युवक और उसका बेटे को सुरक्षा मुहैया कराई गई है। दोनों पुलिस की निगरानी में हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।