बिण क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध सेरादेवल मंदिर के लिए सड़क निर्माण की मांग पर लोग कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कहा कि पूर्व में सेना के रास्ता रोकने पर हुए आंदोलन के बाद ठूलीगाड़, कासनी से मंदिर तक सड़क निर्माण का फैसला लिया गया था। एक साल बाद भी मार्ग का काम शुरू नहीं हुआ है। कहा सेना मंदिर का रास्ता रोक रही है। ऐसे में यहां शिवरात्रि को लगने वाले मेले में श्रद्धालु कैसे पहुंचेंगे इसका हल निकालना जरूरी है। सोमवार को सेरादेवल मंदिर के पुजारी चंद्रशेखर और दर्जाधारी गणेश भंडारी के नेतृत्व में लोग कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कहा कि आंदोलन के बाद मंदिर तक सड़क निर्माण की सहमति बनी। कहा कि सड़क निर्माण की जिम्मेदारी मिलने के बाद भी लोनिवि अब तक डीपीआर तैयार नहीं कर सका है। कहा कि सेना आए दिन रास्ता रोक रही है। उन्होंने एडीएम योगेंद्र सिंह को ज्ञापन देकर जल्द सड़क निर्माण के साथ शिवरात्रि पर पैदल रास्ते पर आवाजाही सुचारू करने के लिए सेना को निर्देश देने की मांग की। चेतावनी दी कि जल्द इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे फिर से आंदोलन करेंगे। ज्ञापन देने वालों में जसोदा देवी, भीम सिंह सौन आदि रहे। वहीं एडीएम योगेंद्र सिंह ने मामले को लेकर सेना से वार्ता करने के साथ ही सड़क निर्माण जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया।