पिथौरागढ़ जिले में क्रिसमस धूमधाम से मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित मैथोडिस्ट चर्च में सुबह विशेष प्रार्थना सभा हुई। इस दौरान बच्चों ने सेंटा क्लाॅज की पोशाक पहनकर लोगों को भाईचारे और शांति का संदेश दिया। वहीं लोगों ने बच्चों को उपहार बांटे। बुधवार को क्रिसमस पर सिल्थाम स्थित मैथोडिस्ट चर्च में सुबह 10 बजे विशेष प्रार्थना सभा हुई। पास्टर रेव. अजित पॉल ने बाइबिल का पाठ कर कहा कि प्रभु यीशु ने अपने प्राणों का त्याग कर समस्त मानव जाति को पापों से मुक्त किया। इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती, मिशन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जीवन चंद्र जोशी, एडवोकेट सुभाष चंद्र सिंह, विमल दीप फिलिप, शैलेंद्र कुमार हीबर, मनोज एलेक्जेंडर, संदीप स्ट्रीटिंग, आशीष हावर्ड, डेरिक वाटसन आदि रहे। वहीं बेड़ीनाग मैथोडिस्ट चर्च में भी क्रिसमस पर विशेष प्रार्थना सभा हुई। अन्य क्षेत्रों में भी क्रिसमस पर्व धूमधाम से मनाया गया।इधर, घनश्याम ओली चाइल्ड वेलफेयर सोसाइटी के छात्र-छात्राओं और स्वयंसेवकों ने ईसा मसीह के जन्म दिवस पर केक काटा। उन्होंने आर्मी कैंट एरिया, धनोड़ा और बस्ते क्षेत्र में लोगों से नशा न करने की अपील की। आर्मी के अधिकारियों और जवानों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए नशा मुक्त भारत अभियान को लगातार चलाने को कहा। वहां सोसाइटी की सचिव प्रेमा सुतेड़ी आदि मौजूद रहीं।