पिथौरागढ़ जिले के धारचूला जवाहर सिंह नबियाल स्टेडियम में रं कल्याण संस्था, राज्य पर्यटन विभाग तथा नमामि गंगे परियोजना के सहयोग से आयोजित रं खेल महोत्सव का सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया। महोत्सव में आयोजित वॉलीबाल और क्रिकेट प्रतियोगिता में नेपाल की टीमों ने अपना परचम लहराया। बीते 28 दिसंबर से पांच जनवरी तक आयोजित रं खेल महोत्सव में वॉलीबाल, क्रिकेट, बैडमिंटन के अलावा पारंपरिक खेल रस्साकशी व पुलो फुगलो प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महोत्सव के अंतिम दिन मुख्य अतिथि विधायक हरीश धामी और अन्य अतिथियों ने दीप जलाकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर वॉलीबाल, क्रिकेट और रस्साकशी के फाइनल मुकाबलों का शुभारंभ किया। वॉलीबाल प्रतियोगिता में नेपाल की डोकट और क्रिकेट में नेपाल की सिवाइसी टीम चैंपियन बनी। अंडर-45 वर्ग की बैडमिंटन में नवीन खर्कवाल और विनोद तिवारी, महिला रस्साकशी में दबंग धारचूला और पुरुष वर्ग में यूथ फोरम धारचूला विजेता रहे। अंडर-15 क्रिकेट में जीआईसी बलुवाकोट की टीम तथा पुलो फुगलो में नीरज सीपाल विजेता रहे। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। विधायक धामी ने रं खेल समिति को एक लाख रुपये भेंट किए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष शशि थापा, जिला पंचायत सदस्य मेनका चलाल, एसडीएम जितेंद्र वर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र थापा, दायित्वधारी अशोक सिंह नबियाल, प्रकाश सिंह गुंज्याल, से.नि. डीएफओ बलवंत सिंह साही, रं संस्था के खेल सचिव डॉ. किशोर सिंह सिरखाल, अभियंता राज शाही सहित अनेक लोग मौजूद रहे।