जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत बिण ब्लॉक के न्याय पंचायत नैनी के पंचायत घर में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने की। इस दौरान प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद हुआ। डीएम ने अधिकारियों को समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। शिविर में राजस्व विभाग ने 34, ग्राम्य विकास विभाग 12, पंचायती राज 29, कृषि छह, उद्यान 52, समाज कल्याण 26, सैनिक कल्याण 24 लोगों को लाभांवित किया। मुख्य अतिथि दायित्वधारी गणेश भंडारी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से जनता का शासन एवं प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होता है। शिविर में 500 से अधिक ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। यहां भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास आशीष पुनेठा, डीडीओ रमा गोस्वामी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।