पिथौरागढ़ जिले में छठ पूजा की धूम रही। बिहार मूल की महिलाओं ने बीते बुधवार खरना से अगले 48 घटों के लिए निर्जला उपवास शुरू किया। खरना के दूसरे दिन भी महिलाओं ने निर्जला उपवास रख कर पूजा-अर्चना की। महिलाएं छठ पूजा में सूर्य देव और छठी माता की पूजा-अर्चना कर रोगों से मुक्त और सुख-शांति की कामना के लिए तीन दिनों का निर्जला उपवास रखतीं हैं। जिले में बिहार मूल के लोग प्रतिवर्ष आकाशवाणी, रई में छठ पूजा का आयोजन करते हैं। इस वर्ष भी छठ पूजा को लेकर सुबह से ही लोगों में उत्साह रहा। वृहस्पतिवार को महिलाएं सुबह से ही छठ पूजा की तैयारी में जुटी रहीं। उन्होंने छठ के मौके पर प्रसाद के रूप में ठेकुआ, खस्ता बनाया। आकाशवाणी के पास बने पंडाल में शाम तीन बजे से महिलाओं ने भजन-कीर्तन और पूजा स्थल सिरसोता में सूर्य देव की बहन छठी माता, सूर्य देव की पूजा-अर्चना की। इसके बाद डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर मंगल कामना की। बच्चों ने छठ पूजा पर जमकर आतिशबाजी भी की। शुक्रवार की सुबह महिलाएं उगते सूर्य को अर्घ्य देकर उपवास तोड़ेंगी। इसके बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा। इस मौके पर राकेश सिंह कुशवाहा, मुन्ना चौधरी, बलिराम, ध्रुव, प्रेम चौधरी, हरिहर चौधरी आदि शामिल रहे।