पिथौरागढ़ में पूर्व सैनिकों ने कुमाऊं स्काउट्स का 44वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। कहा कुमाऊं स्काउट्स के जवानों ने हमेशा ही अंतरराष्ट्रीय सीमाओं में देश की सुरक्षा के लिए अग्रणी भूमिका निभाई है। नगर के एक होटल में स्थापना दिवस पर जिले भर के पूर्व सैनिक एकत्र हुए। पूर्व सैनिकों ने केक काटकर एक-दूसरे को खिलाया। इस दौरान पूर्व सैनिक हम छूं कुमैंय्या, हमरो कुमाऊं गीत की धुन पर जमकर थिरके। मुख्य अतिथि पूर्व सैनिक श्याम सिंह कार्की ने कुमाऊं स्काउट्स का इतिहास बताया। कहा कि कुमाऊं क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा के लिए इसका गठन किया गया। इसके सैनिक हमेशा ही देश की सुरक्षा में तत्पर हैं। संगठन के उपाध्यक्ष रमेश सिंह महर ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान पूर्व सैनिक महेश पांडे को 30 साल तक देश सेवा करने पर सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रकाश पांडे, संगठन के अध्यक्ष मयूख भट्ट, देव सिंह सौन, महेंद्र सिंह, मान सिंह सहित कई पूर्व सैनिक शामिल रहे।