आखिरकार सात महीने बाद एलागाड़-जुम्मा सड़क पर वाहनों के पहिए घूमे हैं। आवाजाही शुरू होने से ग्रामीणों को राहत मिली है। बीते मानसून काल में एलागाड़-जुम्मा सड़क धंसने से इस पर आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई थी। आखिरकार पीएमजीएसवाई ने सड़क का सुधारीकरण कर इस पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी है। बुधवार को सड़क पर वाहन दौड़ते ही ग्रामीण खुशी से झूम उठे। पीएमजीएसवाई के ईई किशन ऐरी ने कहा कि सड़क पर वाहनों की आवाजाही शुरू होने से ग्रामीणों और एसएसबी के जवानों को राहत मिलेगी। मौके पर हिलवेज कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर सुधीर यादव, सीनियर मैनेजर त्रिलोक सिंह दानू सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।