भारी बारिश से धारचूला के उमचिया गांव की नेगल गाड़ में कुछ दिन पूर्व पीएमजीएसवाई और लोक निर्माण विभाग की ओर से बनाए गए लकड़ी के तीन पुल बह गए हैं। एक अन्य पुल का काफी हिस्सा टूटकर नदी में डूब गया है। पुल बहने से गांव के 108 परिवार अलग-थलग पड़ गए हैं। गांव के 32 बच्चे भी स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। ग्रामीणों को जरूरी काम से धारचूला आने के लिए जान जोखिम में रखकर नाला पार करना पड़ रहा है। बीती आठ जुलाई को अतिवृष्टि के कारण नाले के उफान पर आने से पीएमजीएसवाई की सोबला उमचिया सड़क पर 2.13 करोड़ रुपये से बना 36 मीटर लंबा और 47 टन वजनी मोटर पुल ध्वस्त हो गया था। लोक निर्माण विभाग का वतन से तीजम वाली वाली सड़क पर बना लकड़ी का पुल भी नदी में समा गया था। दोनों स्थानों पर आवाजाही के लिए अस्थायी पुल बनाए गए थे। ग्रामीण इन्हीं पुलों से आवागमन कर रहे थे। रविवार रात फिर से क्षेत्र में भारी बारिश के बाद उफनाए नाले ने पुलों को ध्वस्त कर दिया।