पिथौरागढ़ के मुनस्यारी में आपदा प्रभावित गांवों का 10 महीने बाद भी भूगर्भीय सर्वेक्षण नहीं हुआ है। मुनस्यारी के 12 आपदा प्रभावित गांवों के ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे में विस्थापन कैसे होगा। लंबे समय बाद भी गांवों का भूगर्भीय सर्वेक्षण न होने से आपदा प्रभावितों ने तहसील परिसर में धरना दिया। उन्होंने जल्द भूगर्भीय सर्वेक्षण न होने पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 10 महीने बाद भी भूगर्भीय सर्वेक्षण की टीम जिला मुख्यालय से 130 किमी दूर नहीं पहुंच सकी है। ऐसे में वे आपदा का दर्द सहते हुए टैंट और स्कूलों में रहने के लिए मजबूर हैं। कहा सरकार प्रभावितों को हरसंभव सहायता देने के दावे करती है लेकिन आपदकाल बीतते ही ये हवाई साबित हो जाते हैं। उनके साथ भी यही हुआ है। चेतावनी देते हुए कहा यदि जल्द उनके गांवों का भूगर्भीय सर्वेक्षण नहीं हुआ तो वे अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर देंगे।