कनालीछीना विकासखंड के लीमाटौड़ा के ग्रामीण सड़क पर डामरीकरण की मांग को लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि सांगड़ी से उनके गांव तक 30 साल पहले सड़क काटी गई लेकिन अब तक पक्की नहीं की गई है। अब सड़क बदहाल हो चुकी है और वे इस पर खतरे के बीच सफर करने के लिए मजबूर हैं। लीमाटौड़ा के ग्रामीणों ने डीएम विनोद गोस्वामी को ज्ञापन देते हुए कहा कि 30 साल पहले उनके गांव तक सड़क का निर्माण किया गया। बाद में इसका विस्तारीकरण कर इसे मड़मानले सड़क पर लिंक किया गया। छह किमी लंबी इस सड़क का अब तक डामरीकरण नहीं हो सका है। सड़क पर गड्ढे बनने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। नाली निर्माण न होने से गड्ढों में पानी भर रहा है और इस पर वाहन फंस रहे हैं। लंबे समय से सड़क पर डामर करने की मांग के बाद भी इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। हर विधानसभा चुनाव में गांव पहुंचे जनप्रतिनिधि और नेता जल्द डामरीकरण का आश्वासन देते हैं और चुनाव होते ही सभी बातें भुला दी जाती हैं। चेतावनी देते हुए कहा जल्द सड़क को पक्का नहीं किया गया तो पूरा गांव आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेगा। ज्ञापन देने वालों में सुरेश प्रसाद, चंद्र प्रकाश, महेश मुरारी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।