पिथौरागढ़ नगर निगम के पार्षदों ने डीएम से मुलाकात कर रसोई गैस आपूर्ति की व्यवस्था को सामान्य बनाने की मांग की। पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पहुंचे पार्षदों ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के साथ ही प्रशासन भी गैस आपूर्ति में कोई दिक्कत न होने की बात कर रहा है। बावजूद इसके बुकिंग न होने और डीएसी कोड न आने से उपभोक्ताओं को रसोई गैस नहीं मिल रही है। इस अव्यवस्था से उपभोक्ता खासे परेशान हैं। उन्होंने इस अव्यवस्था को दूर करने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की। इस मौके पर सभासद नीरज जोशी, प्रवीन उपराड़ी, रविंद्र बिष्ट, त्रिलोक महर, पंकज बिष्ट आदि मौजूद रहे।