पिथौरागढ़ में कांग्रेस ने विद्यार्थियों को रैली में बुलाने का का विरोध करते हुए प्रशासन और शिक्षा विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन राजनीतिक रैली में विद्यार्थियों को भेज रहे हैं। इससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ऐसे विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। पूर्व दायित्वधारी महेंद्र लुंठी के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। लुंठी ने कहा कि भाजपा अपनी निजी रैलियों में दबाव डालकर विद्यार्थियों को शामिल कर रही है जो उनके हितों की अनदेखी है। अभिभावक अपने बच्चे का भविष्य बेहतर बनाने की उम्मीद में उसे स्कूल भेजता है। विद्यालय प्रबंधन विद्यार्थियों को भाजपा की रैलियों में भेज रहे हैं जो गलत है। इस दौरान उन्होंने डीएम विनोद गोस्वामी से भी मुलाकात कर विद्यार्थियों को रैली में भेजने वाले विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने नगर में जल संकट दूर करने को कहा। बताया कि करोड़ों रुपये खर्च पेयजल योजनाएं बनाने के बाद भी नगर के लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। डीएम ने कार्यकर्ताओं को जल्द इस समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष शमशेर महर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक बोरा, राजेंद्र भट्ट, दीपक लुंठी, होशियार सिंह, नवीन कापड़ी, राहुल सिंह, मनु धामी, मनु ठकुराठी आदि शामिल रहे।