पिथौरागढ़ के चंडाक रोड पर बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू होते ही यहां भूस्खलन हो गया। अब इसके दुष्परिणाम सामने आने लगे हैं। प्रसिद्ध पर्यटक स्थल चंडाक और बेस अस्पताल को जोड़ने वाली दोनों सड़कें धंसने लगी हैं। ऐसे में अब इन सड़कों को बचाने की चुनौती है। नगर में जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से चंडाक रोड पर 22 करोड़ रुपये से बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण शुरू हुआ। काम शुरू होते ही जमीन कमजोर होने से भूस्खलन हुआ तो चंडाक और बेस अस्पताल को जोड़ने वाली दोनों मोटर मार्ग ही खतरे में आ गए। धंसाव बढ़ने से लोनिवि और प्रशासन की भी चिंता बढ़ गई है। पार्किंग निर्माण की कार्यदायी संस्था ने काम रोक दिया तो अब लोनिवि के सामने दोनों सड़कों को बचाने की चुनौती है। अब प्रशासन दोनों सड़कों को बचाने के लिए लोनिवि को बजट देगा। विभाग ने सड़कों को बचाने की रणनीति बनानी शुरू कर दी है।