पिथौरागढ़ जिले में मानसूनी बारिश आफत बन गई है। बुधवार तड़के हुई भारी बारिश के बाद धारचूला-तवाघाट हाईवे पर कुलागाड़ के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर गिरने से करीब 70 मीटर स्पान का बैली ब्रिज टूटकर गधेरे में समा गया। पुल टूटने से चीन सीमा से लगे दारमा, व्यास और चौंदास घाटियों का शेष दुनिया से संपर्क पूरी तरह कट गया है। तीनों घाटियों के 12 से अधिक गांव अलग-थलग पड़ गए हैं। हाईवे पर आवाजाही ठप होने से गुंजी पहुंचे मानसरोवर यात्रा के नौवें दल के यात्रियों की वापसी भी मुश्किल हो गई है। धारचूला-तवाघाट हाईवे चीन सीमा के साथ ही आदि कैलाश, मानसरोवर यात्रा मार्ग और दारमा, व्यास व चौंदास घाटियों के दर्जनों गांवों को जोड़ता है। पुल टूटने से जुम्मा, स्याकुरी, खेला, खेत, गर्गुवा, जम्कू, सुवा, खीम, सोबला, सुमदुम, दर, बांगलिंग, पांगला, जयकोट, सिमखेत और जिप्ती समेत कई गांवों का संपर्क कट गया है।