उत्तराखंड क्रांति दल के वरिष्ठ नेता काशी सिंह ऐरी ने कहा कि राज्य बनने के 26 साल के भीतर भाजपा और कांग्रेस ने राज्य को बर्बाद कर दिया है। इन 26 सालों में 15 साल भाजपा तथा 10 साल कांग्रेस ने अपने शासनकाल में जनता के किसी मुद्दे पर काम नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन पार्टियों ने केवल सत्ता संभालकर अपने लोगों और अपने आकाओं का भला किया। यही वजह है कि इन 26 सालों में 13 मुख्यमंत्री हुए हैं। कहा कि यूकेडी राज्य बनाने और जनहित के मुद्दों पर लड़ी थी और आज भी उसका संघर्ष जारी है। यूकेडी नेता ऐरी ने सोमवार को जिला मुख्यालय के चिमस्यानौला में स्थित पार्टी दफ्तर में एक पत्रकार वार्ता में यह बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों राष्ट्रीय पार्टियों के हाईकमान की ओर से यहां एक मुंशी बैठा दिया जाता है जो वसूली कर ऊपर देता है और जो इसमें कमी करता है उसे बदलकर दूसरा कुर्सी में बैठा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कहने को हम उत्तराखंड को देवभूमि कहते हैं, लेकिन देवभूमि जैसा यहां कोई काम नहीं हो रहा है। स्कूल बंद हो रहे हैं और शराब की भट्टियां खूब खुल रही हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल इसी से समझा जा सकता है कि डोलियों में मरीजों का लाया जा रहा है और लोग दम तोड़ने को मजबूर हैं। ऐरी ने कहा कि आने वाला विधानसभा चुनाव तो एक फेज है और शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं को रोजगार जैसे मुद्दों पर उक्रांद लड़ाई लड़ता रहेगा।