नयारघाटी में फरवरी माह में प्रस्तावित एडवेंचर फेस्टिवल को लेकर तैयारियां तेज हो गयी हैं। पर्वतीय पर्यटन को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में शुक्रवार को बिलखेत के आसमान रोमांच से भर उठा, जब हिमालयन एयरो स्पोर्ट्स देहरादून के दल ने पैराग्लाइडिंग के ट्रायल उड़ानें भरी। जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने बताया कि ट्रायल्स होने से स्थानीय युवाओं को एडवेंचर स्पोर्ट्स से जोड़ने के साथ–साथ प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं पर्यटन को बढ़ावा पर भी काम किया जाएगा। पैराग्लाइडिंग के ट्रायल रविवार तक चलेंगे, जबकि कयाकिंग और अन्य साहसिक गतिविधियों के ट्रायल अगले सप्ताह से शुरू होंगे।