हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में मंगलवार को भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की पहल ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के अंतर्गत ‘युवा संगम’ का शुभारंभ हुआ। मौके पर बतौर मुख्य अतिथि मेयर आरती भंडारी भी मौजूद रही।इस कार्यक्रम के तहत पश्चिम बंगाल से आए युवा प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया गया। प्रतिनिधिमंडल को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के लिए ओरिएंटेशन एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल से आए युवा प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के संग्रहालय सहित विभिन्न विभागों का भ्रमण किया। संग्रहालय में विश्वविद्यालय के प्रो. योगम्बर सिंह फर्स्वाण ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को वहां संरक्षित ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न वस्तुओं के महत्व और क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से भी परिचित कराया। प्रो.महावीर सिंह नेगी ने कहा कि ‘युवा संगम’ का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं, भाषा, रहन-सहन और शैक्षणिक वातावरण को समझने का अवसर प्रदान करना है। इस पहल के माध्यम से युवाओं के बीच आपसी संवाद, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाता है।