रामनगर के ग्राम छोई की सड़क को लेकर विभागों की अनदेखी पर ग्रामीणों ने खुद ही गांव की सड़क की मरम्मत कर दी। ग्रामीणों ने करीब सात किलोमीटर लंबी सड़क पर गड्ढों को भर दिया। सोमवार को विरोध के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि बीते लंबे समय से छोई चौराहे से हनुमानधाम को जाने वाले सड़क क्षतिग्रस्त पड़ी है। सड़क पर काफी बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इससे यहां आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। कहा कि सड़क निर्माण को लेकर पीडब्ल्यूडी समेत कई प्रशासन अधिकारियों से मांग की, लेकिन अधिकारी सुध लेने को तैयार नहीं है। इसके विरोध में ग्रामीणों ने सोमवार को खुद ही मार्ग के गड्ढों को सीमेंट से भरने का निर्णय लिया। 50 से अधिक छोटे-बड़े गड्ढों की ग्रामीणों ने मरम्मत की। इस दौरान राहुल सिंह दरम्वाल, लक्की बिष्ट, करन बिष्ट, केशव बिष्ट, कुलदीप बिष्ट, इंदर मेहरा, नीरज रावत, वीरेंद्र गोस्वामी समेत कई ग्रामीण मौजद रहे।