सुशीला तिवारी अस्पताल–धान मिल–पीलीकोठी मार्ग पर सड़क का बड़ा हिस्सा बेसमेंट की खोदाई के कारण ढह गया। इस मार्ग पर आवागम तो बंद हुआ ही बिजली और पेयजल की लाइन भी प्रभावित हुई। इसके कारण सोमवार को नहर कवरिंग रोड पर यातायात का दबाव कई गुना बढ़ गया। रामपुर रोड से निकलने वाली इस सड़क के किनारे भवन निर्माण किया जा रहा है। भवन स्वामी की ओर से मौके पर बेसमेंट के लिए खोदाई की गई है। रविवार रात हुई बारिश के बाद डेढ़ लेन की सड़क का करीब 25 मीटर हिस्सा टूटकर बेसमेंट में समा गया। इससे जल संस्थान की गौला वाली सीमेंट की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई और यूपीसीएल की 33 केवी की लाइन के पोल खतरे की जद में आ गए हैं। सूचना पर यूपीसीएल, जल संस्थान, लोनिवि के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। दोपहर में करीब तीन घंटे तक बिजली के पोल में मौजूद लाइनों को शिफ्ट किया गया। जल संस्थान ने पाइप लाइनों के लिए काम शुरू कराया है। सड़क किनारे निर्माण कार्य पर उठे सवाल सड़क किनारे निर्माणाधीन भवन का नक्शा पास कराने के मामले में सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बेसमेंट के लिए मानक से अधिक खोदाई की गई है। यही कारण है कि सड़क के नीचे का हिस्सा खोखला हो गया। मामूली बारिश में सड़क क्षतिग्रस्त होने से पीलीकोठी, छड़ायल, रामपुर रोड क्षेत्र का यातायात प्रभावित हो रहा है। कमलुवागांजा से आ रही 33 केवी लाइन का पोल गिरने की स्थिति में आ गया था। समय रहते लाइन को सुरक्षित कर लिया गया है। -मनीष जोशी, एसडीओ यूपीसीएल प्रशासन और विभागीय अभियंताओं के साथ स्थलीय निरीक्षण किया गया है। सड़क की मरम्मत भवन का नक्शा पास कराने वाला ही कराएगा। -प्रत्यूष कुमार, ईई, लोनिवि