हल्द्वानी में समग्र शिक्षा अभियान के तहत 50 दिव्यांग बच्चों को सहायता उपकरण बांटे गए। शिक्षा विभाग दिव्यांग बच्चों की दिनचर्या को सुगम बनाने के लिए हर वर्ष कैंप आयोजित करता है। जेल रोड हीरानगर स्थित सीआरसी नगर परिसर में रविवार को सहायता उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ बीईओ तारा सिंह व अभियान के जिला समन्वयक मदन मोहन जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान अलीमको कानपुर से आए विशेषज्ञ डॉ.अब्दुल रहमान व डॉ.ओमवीर सिंह ने दिव्यांग बच्चों को सहायता उपकरण के प्रयोग और उनके रखरखाव के बारे में जानकारी दी। जिला समन्वयक जोशी ने अभिभावकों को समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों के लिए बनीं योजनाओं से लाभान्वित होने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय में पढ़ने वाले दिव्यांग बच्चों के लिए गृह आधारित शिक्षण के साथ-साथ बच्चों को आने जाने का खर्च भी विभाग वहन करता है। साथ ही छात्रवृत्ति के बारे में भी बताया। बीईओ सिंह ने दिव्यांग बच्चों को मिलने वाली छूट और आरक्षण के बारे में बताते हुए कहा कि शिक्षा अधिकार अधिनियम के तहत उन्हें सामान्य बच्चों के साथ विद्यालय में पढ़ने का अधिकार भी प्राप्त है। कोआर्डिनेटर हरीश बिष्ट ने बताया कि विद्यालयों में पढ़ रहे दिव्यांग बच्चों को जांच के उपरांत सहायता उपकरण वितरित किए जाते हैं। कार्यक्रम में गीता आर्य, भावना कांडपाल, राजीव लॉरेंस, मुकुल जोशी, दिव्या रावत, विनीता दिवाकर, लक्ष्मी गुप्ता, मंजू देवी, प्रीति दानी, नितेश कुमार काजल आदि थे।