नैनीताल पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल से मिलने अब कोई भी सभासद व्यक्तिगत रूप से नहीं जाएगा। जो भी समस्या होगी, उसे लिखित में दिया जाएगा। समाधान नहीं होने पर जनता के साथ मिलकर आवाज उठाई जाएगी। नगर पालिका में बीते बृहस्पतिवार को सभासद व पालिकाध्यक्ष के बीच हुई गहमागहमी से अशांत हुए माहौल के बाद शुक्रवार को नगर के सभी 15 वार्डों के सभासदों ने खेल मैदान स्टेडियम भवन में यह निर्णय लिया।सभासदों की बात रखते हुए मुकेश जोशी ने कहा कि पालिकाध्यक्ष की ईमानदारी व क्षमता पर कोई शक नहीं है, लेकिन कार्यप्रणाली से सभासद नाराज हैं। उन्हें पालिका नियमों के तहत सभी को साथ लेकर चलना होगा। तय हुआ कि कोई भी सभासद अनावश्यक व्यक्तिगत रूप से पालिकाध्यक्ष के कक्ष में नहीं जाएगा। जनसमस्या की लिखित शिकायत की जाएगी, जिसका समयबद्ध निस्तारण करना होगा। नहीं हुआ तो आंदोलन होगा। जीतेंद्र पांडे ने कहा कि पालिका स्तर से कार्य हो ही नहीं रहे हैं। राकेश पवार ने नैनीताल बैक की ओर से सौर उर्जा की लाइट देने के बाद भी आज तक लाइट न लगने पर सवाल किए। लता दफौटी ने कहा कि वह भी चुनकर आए हैं। अपमान कतई स्वीकार नहीं होगा।