नैनीताल में शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। सुबह से शुरू हुई बारिश दोपहर में तेज हो गई, जिससे शहर की रफ्तार कुछ समय के लिए थम सी गई। माल रोड, तल्लीताल और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही कम हो गई, जबकि पर्यटकों को होटलों और रेस्टोरेंटों में दुबकने को मजबूर होना पड़ा। बारिश के चलते तल्लीताल क्षेत्र में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी भरने से पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल दिखाई दी। हालांकि बारिश ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित की, लेकिन मैदानी इलाकों की भीषण गर्मी से राहत पाने नैनीताल पहुंचे पर्यटकों के लिए यह मौसम किसी सौगात से कम नहीं रहा। बारिश के बाद चली ठंडी हवाओं और तापमान में आई गिरावट से मौसम बेहद सुहावना हो गया। पर्यटकों ने होटल की बालकनियों, झील किनारे और विभिन्न दर्शनीय स्थलों से बारिश और धुंध के मनमोहक नजारों का आनंद लिया। बारिश के बाद शहर में ठंड भी बढ़ गई। लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए। मौसम के इस बदले मिजाज ने गर्मी से परेशान लोगों को राहत पहुंचाई। वहीं, अचानक बदले मौसम का फायदा छाता और बरसाती बेचने वाले दुकानदारों को मिला। माल रोड, तल्लीताल और प्रमुख पर्यटक स्थलों के आसपास छाते व रेनकोट की दुकानों पर अच्छी बिक्री हुई। दुकानदारों का कहना है कि बारिश के कारण कारोबार में अपेक्षा से अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई।