स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर बनाने के लिए सरकार डॉक्टरों और जरूरी स्टाफ की नियुक्ति कर रही है। अस्पतालों के इमरजेंसी वार्ड में सीनियर डॉक्टरों के नहीं आने और कुछ डॉक्टरों के प्राइवेट प्रैक्टिस करने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने ऐसे डॉक्टरों की जानकारी देने और इस संबंध में जल्द आदेश जारी करने को कहा। काठगोदाम में कुमाऊं मंडल की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि 108 एंबुलेंस सेवा का रिस्पांस समय 15 मिनट तय किया जा रहा है। डेंगू, मलेरिया आदि संक्रामक रोगों की रोकथाम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अस्पतालों में डेंगू मरीजों के लिए 10-10 बेड आरक्षित रखने को कहा। मेडिकल कॉलेज से संबंधित अस्पतालों में आने वाले मरीजों के तीमारदारों के रहने के लिए 100 कमरों के भवन बनाने का कार्य चल रहा है। निर्देश दिया कि यह व्यवस्था सभी मेडिकल कॉलेज में लागू होगी। बैठक में मंडी परिषद अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी, सीएमओ डॉ. हरीश पंत आदि रहे।