नैनीताल नगर से डोर टू डोर कूड़ा उठान और इसके निस्तारण के लिए अधिकृत संस्था दीक्षांक से जुड़े कार्मिकों ने बृहस्पतिवार को वेतन की मांग को लेकर पालिका कार्यालय में प्रदर्शन किया। एक माह का वेतन जारी होने के बाद कर्मचारी शांत हुए। संस्था प्रतिनिधि रंजन गांधी का कहना है कि पालिका को दो माह का लगभग 36 लाख रुपये का बिल दिया है। शाम पांच बजे से कर्मचारियों ने सफाई कार्य शुरू कर दिया। मंगलवार के अंक में अमर उजाला ने दीक्षांक संस्था और कार्मिकों की दिक्कत को प्रमुखता से प्रकाशित किया। बुधवार को भी वेतन संबंधी बिल जारी न करने पर बृहस्पतिवार को कार्मिकों ने कार्य ठप कर दिया। दोपहर में कर्मचारियों ने पालिका कार्यालय में प्रदर्शन किया। कहा, दो माह का वेतन नहीं मिलने से 80 कार्मिक दिक्कत से जूझ रहे हैं। दोपहर एक बजे पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने संस्था प्रतिनिधि व कार्मिकों से वार्ता की। इसके बाद पालिकाध्यक्ष ने एक माह का वेतन जारी किया। प्रदर्शनकारियों में रोहित भाटिया, आशु भारती, सचिन जनौटा, पवन यादव, अरविंद पवार, संतोष आर्य, काजल, तस्लीम एहमद, सौरभ कुमार, रहमान, अश्वनी भारती, मदन बोरा रहे।