भीमताल विकास भवन सभागार में शुक्रवार को जिला स्तरीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में आपदा मंत्री मदन कौशिक ने विभागीय अधिकारियों के साथ आपदा को लेकर समीक्षा बैठक की। साथ ही विशेषज्ञों की ओर से आपदा से बचाव को लेकर सुझाव दिए गए। मंत्री कौशिक ने कहा कि अधिकारियों से आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर उन क्षेत्रों में हुए नुकसान का आकलन कर समस्याओं को हल करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि राज्य सरकार भी आपदा को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा गढ़वाल और कुमाऊं में आपदा से निपटने के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ समेत तमाम विभाग लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि नैनीताल जिले में जिन जगहों पर भूस्खलन की समस्या आ रही है उन जगहों पर सुधारीकरण के निर्माण कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही बरसात में क्षतिग्रस्त सड़कों को भी जल्द से जल्द सही कराने को कहा। नैनीताल विधायक सरिता आर्या ने बलियानाला, आलूखेत, भूमियाधार क्षेत्र में भूस्खलन की समस्या को जल्द से जल्द हल कराने को कहा। दर्जा राज्य मंत्री भावना मेहरा ने भीमताल कुआंताल में बरसात के समय मलबा आने से लोगों को होने वाली समस्या का निस्तारण करने की मांग की। डीएम ललित मोहन रयाल ने बताया कि कार्यशाला के माध्यम से विभागीय अधिकारियों को आपदा से बचाव और राहत को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान आपदा अपर सचिव प्रकाश चंद्र, सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय, मंडल अध्यक्ष कमल जोशी आदि मौजूद रहे।