डीएम वंदना सिंह ने शुक्रवार को तल्लीताल क्षेत्र का निरीक्षण किया। बस स्टैंड क्षेत्र के सर्वे के दौरान पालिका अधिकारियों को मैपिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि पिकअप और ड्रॉप प्वाइंट बनाया जा सके। कई लोगों की ओर से पूर्व में उन्हें आवंटित दुकानें किराये पर देने की शिकायत पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने प्राधिकरण व पालिका के अधिकारियों को रोडवेज कॉप्लेक्स, न्यू पालिका बाजार और इंद्रा मार्केट में दुकानों के आवंटन की जांच करने के निर्देश दिए। डीएम ने धर्मशाला प्राथमिक पाठशाला के पास जल्द ही पार्किंग बनाकर कारोबारियों व स्थानीय लोगों को सुविधा देने की बात कही। डीएम वंदना ने ठंडी सड़क पर सिंचाई विभाग की ओर से किए जा रहे सुरक्षात्मक कार्यों और प्राधिकरण की ओर से लगाई जा रही रेलिंग का निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग व प्राधिकरण को कार्य गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने आरईएस, यूपीसीएल के अधिकारियों को शीघ्र तल्लीताल बाजार में बिजली की व्यवस्था कर कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहां ईओ दीपक गोस्वामी, प्राधिकरण सचिव विजयनाथ शुक्ल, एसडीएम प्रमोद कुमार, लोनिवि ईई रत्नेश सक्सेना, ऐई जीएस जनोटी व पालिका ईओ दीपक गोस्वामी आदि थे।