नगर पालिका भीमताल की पहली बोर्ड बैठक मंगलवार को पालिकाध्यक्ष सीमा टम्टा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सभासदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को उठाया और विकास कार्यों के लिए कई प्रस्ताव रखे। सभासद रामपाल सिंह गंगोला ने लावारिस जानवरों को गौशाला भेजने और भीमताल झील से सिल्ट निकालने की मांग की। वहीं, सभासद शिप्रा जोशी ने नालियों की साफ-सफाई कराने पर जोर दिया। उमेश पाठक ने भीमताल नगर क्षेत्र में ई-रिक्शा चलाने का प्रस्ताव रखा, जबकि दीपक आर्य ने स्ट्रीट लाइट और सोलर लाइट लगाने की आवश्यकता बताई। नीरज रैकुनी ने कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने, शुभम नैनवाल ने मिनी स्टेडियम का सौंदर्यीकरण कराने और प्रकाश चंदोला ने स्ट्रीट लाइटों की गुणवत्ता सुधारने की मांग की। विमला आर्य ने स्वच्छता अभियान चलाने का सुझाव दिया, जबकि हेमा दुम्का ने सीसी मार्ग और पेयजल समस्या को हल करने की बात कही। पालिकाध्यक्ष सीमा टम्टा ने सभासदों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए ईओ उदयवीर सिंह को इन्हें हल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीमताल के सभी वार्डों में पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सीसी की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। ईओ उदयवीर सिंह ने कहा कि बोर्ड बैठक में उठाई गई समस्याओं को जल्द से जल्द हल किया जाएगा। इस दौरान डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाले कर्मियों ने मानदेय बढ़ाने की मांग भी की। बैठक में जेई महेंद्र सिंह धौनी, ललिता भट्ट, योगेश आर्य, दीपक तिवारी, किशन नयाल आदि मौजूद रहे।