नैनीताल में एडीएम विवेक राय ने कहा कि लोग पंचायत निर्वाचन नामावली में अपने नाम की जांच कर लें। चुनाव से पहले नई निर्वाचन नामावली तैयार कर ली गई है। इस बार त्रिस्तरीय पंचायतों के सामान्य निर्वाचन में कुल 4,28,925 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 2,05,872 महिलाएं, 2,22,895 पुरुष और 158 अन्य मतदाता शामिल हैं। बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में पत्रकार वार्ता में राय ने कहा कि नामावली राज्य निर्वाचन आयोग उत्तराखंड के पोर्टल secvoter.uk.com.in पर उपलब्ध है, जहां पंचायत मतदाता खोजें विकल्प के माध्यम से कोई भी अपना नाम देख सकता है। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायतवार मतदाता सूची secresult.uk.gov.in/votersearch/searchvoterchecklist पोर्टल पर भी उपलब्ध है। एडीएम ने बताया कि पात्र मतदाता विकासखंड, तहसील व पंचायती कार्यालय में नाम जोड़ने, संशोधन कराने या हटवाने के लिए निर्धारित प्रपत्र में आवेदन कर सकते हैं। नामावली में मतदाता अपना नाम पंजीकरण व दर्ज कराने के लिए प्रारूप दो, नाम में संशोधन के लिए प्रारूप- तीन और हटाने के लिए प्रारूप चार में प्रपत्र भरकर आवेदन कर सकते हैं। यह कार्य अधिसूचना जारी होने से पूर्व तक किया जा सकता है। इस मौके पर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी ऋचा सिंह आदि मौजूद रहीं।