फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरिद्वार: डिलीवरी के बाद प्रसूता की मौत, मदर एंड चाइल्ड अस्पताल में हंगामा

महिला अस्पताल परिसर में संचालित मदर एंड चाइल्ड अस्पताल में डिलीवरी के बाद एक प्रसूता की मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। व्यापार मंडल से जुड़े लोग और आशाएं भी परिजनों के समर्थन में अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए। उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार, सोमवार को ब्रह्मपुरी निवासी कोमल को प्रसव के लिए मदर एंड चाइल्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों का आरोप है कि उपचार के दौरान अस्पताल प्रबंधन की ओर से लापरवाही बरती गई, जिसके चलते महिला की हालत लगातार खराब होती चली गई। बाद में उसे रेफर किया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। परिजनों के साथ धरने पर बैठे लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठाई। गौरतलब है कि महिला अस्पताल परिसर में बने मदर एंड चाइल्ड अस्पताल का संचालन एक निजी संस्था की ओर से किया जा रहा है। मेला अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजेश गुप्ता ने बताया कि ऑपरेशन के बाद महिला की तबीयत बिगड़ती चली गई थी। चिकित्सक ने उसे मैनेज करने का प्रयास किया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद मरीज को रेफर कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि अभी यह भी स्पष्ट जानकारी नहीं है कि महिला की मौत अस्पताल में हुई या एंबुलेंस में। परिजनों की ओर से शिकायत मिलने पर सीएमओ को सूचित कर मामले की जांच कराई जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें