सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने तथा सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने के उद्देश्य से रोड सेफ्टी माह के अंतर्गत परिवहन विभाग द्वारा एक विशेष जन-जागरूकता अभियान संचालित किया गया। इस अभियान के तहत शहर के समस्त शराब विक्रय केंद्रों (वाइन शॉप्स) पर “डोंट ड्रिंक एंड ड्राइव / शराब पीकर वाहन न चलाएं” विषयक जागरूकता बैनर लगाए गए हैं। यह अभियान परिवहन विभाग एवं आबकारी विभाग के आपसी समन्वय से क्रियान्वित किया गया है। इस अवसर पर एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है और यह मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत गंभीर एवं दंडनीय अपराध है। रोड सेफ्टी माह के दौरान परिवहन विभाग का विशेष फोकस प्रवर्तन के साथ-साथ नागरिकों को व्यवहार परिवर्तन हेतु जागरूक करने पर है, ताकि दुर्घटनाओं में वास्तविक और स्थायी कमी लाई जा सके।