रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद की लोहाघाट शाखा ने दो महिनों से वेतन न मिलने पर गहरी नाराजगी जताई है। आक्रोशित कर्मचारियों ने बांहों में काला फीता बांधकर नारेबाजी की। उन्होंने जल्द वेतन का भुगतान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। शुक्रवार को परिषद के लोहाघाट शाखा मंत्री कुशल वर्मा की अध्यक्षता और प्रांतीय संयुक्त मंत्री सूरजभान सिंह के संचालन में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों को जुलाई व अगस्त माह का वेतन नहीं मिला है। इससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि डिपो में नियमित, संविदा, विशेष श्रेणी के करीब 200 कर्मचारी तैनात हैं। वेतन न मिलने से बच्चों की फीस, दूध, मकान का किराया, राशन, बैंक किश्त आदि देने में बहुत परेशानी हो रही है। कर्मचारियों का कहना है कि अब दुकानदार भी उधार सामान देने में आनाकानी करने लगे हैं। कर्मचारियों ने कहा कि यदि जल्द वेतन का भुगतान नहीं किया जाता है तो वह उग्र आंदोलन के लिए मजबूर हो जाएंगे। इस मौके पर प्रांतीय संयुक्त मंत्री कैलाश मुरारी, अनिल कुमार, ओम प्रकाश, नरेश करायत, दीवान सिंह, गोपाल महर, चंद्रशेखर जोशी, प्रकाश जोशी, भूपेश जोशी, जीवन भट्ट, सतीश जोशी आदि मौजूद थे।