जनपद चम्पावत के गौरलचौड़ मैदान में आयोजित “जन-जन की सरकार: 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन ने विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम के दौरान देहरादून में आयोजित मुख्य समारोह का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसमें उपस्थित जनसमूह ने माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन को सुना। इस अवसर पर गौरलचौड़ मैदान में चिकित्सा विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर एवं रक्तदान शिविर, आधार पंजीकरण एवं संशोधन केंद्र, यूसीसी पंजीकरण, कृषि, राजस्व, उद्यान, समाज कल्याण, पशुपालन, मत्स्य, महिला एवं बाल विकास, श्रम, उरेड़ा, सहकारिता, जिला उद्योग केंद्र, खाद्य आपूर्ति, शिक्षा, नगर पालिका, रेशम, सेवायोजन, पंचायती राज, वन, डेयरी सहित 40 से अधिक विभागों के स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्रदान किया गया। कार्यक्रम में श्रम विभाग द्वारा मौके पर श्रम कार्ड वितरित किए गए, समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को श्रवण यंत्र एवं व्हीलचेयर प्रदान की गई। कृषि, उद्यान एवं पशुपालन विभाग द्वारा उन्नत बीज, दवाएं एवं कृषि यंत्र वितरित किए गए, वहीं आधार शिविर में मौके पर ही आधार से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।