आदिबदरी। श्री आदिबदरी नाथ मंदिर के कपाट वैदिक पंरपराओं के अनुरूप बुधवार को श्रद्धालुओं के दर्शनाथ खोल दिए जाएंगे। कपाटोद्घाटन के लिए मंदिर को समिति ने भव्य रूप से सजाया है। साथ ही अन्य तैयारियां भी पूरी कर दी है।आदिबदरीनाथ मंदिर के कपाट एक माह पौष के लिए बंद किए जाते हैं। परंपराओं के अनुसार हर वर्ष मकर सक्रांति के पर्व पर मंदिर के कपाट खुलते हैं। बुधवार को भी ब्रह्म मुहूर्त में सुबह साढ़े पांच बजे श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए जाएंगे। मंदिर समिति के अध्यक्ष जगदीश बहुगुणा ने बताया कि कपाटोद्घाटन महाभिषेक समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मंदिर को दो क्विंटल गैंदे के फूलों से सजाया जा चुका है। गढ़वाल राइफल्स कीर्तन मंडप में व्यास मंच का निर्माण किया गया है। प्रात: 5:30 बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए विधि-विधान मंत्रोच्चार के साथ मुख्य पुजारी चक्रधर थपलियाल के द्वारा खोल दिए जाएंगे। दिन में 11 बजे बार्डर स्काउट के बैंड की मधुर धुन के बीच मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट महाभिषेक समारोह का शुभारंभ करेंगे।