पोखरी। टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने, आरटीई अधिनियम लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से छूट देने तथा पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल कर नई पेंशन योजना (एनपीएस) समाप्त करने की मांग को लेकर आज शुक्रवार को प्राथमिक शिक्षक संगठन पोखरी ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया।अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ एवं प्राथमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन में शिक्षकों ने ब्लॉक अध्यक्ष ताजबर राणा के नेतृत्व में प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया कि शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी लंबे समय से अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं ले रही है। वक्ताओं ने मांग की कि आरटीई अधिनियम लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त किया जाए तथा पुरानी पेंशन योजना को तत्काल बहाल कर नई पेंशन योजना समाप्त की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो शिक्षक संगठन व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा।