सोमवार रात और मंगलवार सुबह हुई भारी बारिश के बाद थराली और आसपास के क्षेत्रों में भूस्खलन व चट्टानें टूटने से जनजीवन प्रभावित हो गया। नदी-नाले उफान पर हैं और कई स्थानों पर सड़कों पर मलबा आने से आवाजाही बाधित है। थराली-देवाल मोटर मार्ग केदारबगड़ में घांगली गधेरे के मलबे से बंद हो गया है, जबकि ऊनी पुलिया के पास लगातार पत्थर गिरने से मार्ग खोलने में दिक्कत आ रही है। थराली-कुराड़ मोटर मार्ग पर राड़ीगांव के ऊपर सक्रिय भूस्खलन जोन के कारण कई वाहन फंस गए, जिन्हें जेसीबी की मदद से निकाला जा रहा है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा ने बताया कि जेसीबी मशीनें मौके पर भेज दी गई हैं और बारिश थमते ही सड़कें खोलने का कार्य तेज किया जाएगा।