सोमवार को विकासखंड के ग्राम पंचायत उमट्टा के मौणा के जंगलों में अचानक से आग लग गई। देखते देखते आग ने कई वन संपदा को जलाकर राख कर दिया। ग्रामीणों ने जंगल में आग लगने की सूचना वन विभाग को भेजी। सूचना के बाद नंदप्रयाग रेंज के कर्मी मौके पर पहुंचकर आग को बुझाने में जुटे हुए है। उमट्टा के ग्राम प्रधान सुनील चौहान, ग्रामीण मनीष सती ने बताया कि दोपहर करीब 2:30 मौणा के पास जंगल में अचानक से आग लग गई। चीड़ का जंगल होने से आग तेजी से चारों तरफ फैल गई है। और कुछ समय में ही कई हेक्टेयर वन संपदा आग से जलकर राख हो गई। हालांकि वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास कर रहे है। लेकिन आग अधिक होने से आग बुझाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नंद्रप्रयाग रेंज के वन क्षेत्राधिकारी हेंमत सिंह बिष्ट ने बताया कि आग लगने की सूचना पर सभी कर्मचारियों को मौके के लिए भेज दिया गया है। उनके द्वारा मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द पूरी टीम आग पर काबू पा लेगी। जिसके बाद आग लगने के कारणों को पता लगाने की कोशिश की जाएगी।