बदरीनाथ में नगर पंचायत द्वारा देवदर्शनी के समीप तीर्थ यात्रियों और स्थानीय तीर्थ पुरोहितों की फिटनेस को ध्यान में रखते हुए तीन वर्ष पूर्व बनाया गया जिम सेंटर अब खतरे की निशानी बनता जा रहा है। जिम के नीचे गहरी खाई है, लेकिन वहां आज तक कोई सुरक्षा बाउंड्री नहीं लगाई गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां फोटोशूट और एक्सरसाइज के दौरान लोग दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं, खासकर बच्चे। यही कारण है कि जिम में अधिकतर समय सन्नाटा पसरा रहता है। बदरीश पंडा पंचायत के कोषाध्यक्ष अशोक टोडरिया ने इसे नगर पंचायत की लापरवाही बताया और कहा कि जिम को सुरक्षित स्थान पर बनाया जाना चाहिए था। उन्होंने यह भी कहा कि धाम से एक किलोमीटर पहले इस तरह की संरचना बनाना सिर्फ धन की बर्बादी है। स्थानीय जनता ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सुरक्षा बाउंड्री लगाई जाए।