थराली। मंगलवार को ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित की अध्यक्षता में तहसील सभागार में क्षेत्र पंचायत थराली की बैठक में सड़क,पेयजल,विद्युत,स्वास्थ्य,और जंगली जानवरों के आतंक संबधी मुददे उठे। बैठक में संबधित विभागों के उच्च अधिकारियों के मौजूद नहीं होने पर मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी ने उनके वेतन रोकने के आदेश दिये। वहीं जल-जीवन मिशन और पेयजल स्कीमों में जल-संस्थान और जल निगम के इंजीनियरों के वेतन भी तभी दिये जायेंगें जब तक स्कीमों में पानी नहीं आ जाता। उन्होंनें ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों से कहा कि यदि किसी योजना में गड़बड़ी मिलती है तो संबधित कर्मचारी एवं अधिकारी के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज करें। पीएमजीएसवाई के ईई प्रमोद गंगांड़़ी और एई धीरेंद्र भंडारी लोनिवि के इई रमेश चंद्र और एई सुरेंद्र पाल सिंह के वेतन रोकने के आदेश दिये गये। पारथा की प्रधान गीता देवी, दयाकृष्ण देवराड़ी ने कहा कि तीन करोड़ रूपये की योजना बनने के बाद भी उनके गांव में पानी नहीं आ रहा है। वहीं एनपीसीसी के अधिकारियों पर सदस्यों ने कार्य में घोर लापरवाही का आरोप लगाया। जिस पर सीडीओ ने कहा कि वे थराली में अपना कार्यालय खोले। उन्होंनें सीएचसी थराली के मुख्य भवन में अस्पताल चलाने के आदेश दिये।