फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chamoli: नागपुर पोखरी क्षेत्र पंचायत की त्रैमासिक बैठक का आयोजन; सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल के मुद्दों पर जोर

ब्लॉक सभागार में क्षेत्र पंचायत नागपुर पोखरी की त्रैमासिक बैठक क्षेत्र पंचायत प्रमुख राजी देवी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यान, पेयजल और वन विभाग से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से छाई रहीं। क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने अपने-अपने क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि लंबे समय से विभिन्न विभागों की लापरवाही के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक को संबोधित करते हुए प्रमुख राजी देवी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित करें। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने भी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बैठक के दौरान किमोठा के प्रधान बाल ब्रह्मचारी हरिकृष्ण किमोठी ने जौरासी-तोणजी मोटर मार्ग की दयनीय स्थिति का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने इस मार्ग की दुर्दशा के लिए कार्यदायी संस्था एनपीसीसी को जिम्मेदार ठहराते हुए निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार की जांच की मांग की। उन्होंने विरोध स्वरूप सदन में धरने पर बैठकर नाराजगी भी जताई, जिस पर अधिकारियों ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। सेरा मालकोटी के प्रधान राजेस सिंह भंडारी और थालाबैड़ वार्ड से जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र सिंह राणा ने सेरा मालकोटी गांव को सड़क से जोड़ने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि सड़क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विनगढ़ की प्रधान ममता चौहान ने पोखरी-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग के किलोमीटर आठ पर सड़क धंसने से आठ परिवारों के मकानों को खतरा होने का गंभीर मामला उठाया और शीघ्र सुरक्षात्मक कार्य कराने की मांग की। विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र सिंह राणा ने वर्षों से लंबित नौली-धोतीधार मोटर मार्ग निर्माण का मुद्दा उठाते हुए शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। खन्नी के क्षेत्र पंचायत सदस्य कुलदीप राणा आजाद ने छातीखाल में पेयजल संकट, क्षेत्र पंचायत सदस्यों का मानदेय बढ़ाने और उनकी वार्षिक निधि 20 लाख रुपये किए जाने की मांग रखी। भदूणा के प्रधान राजेश रावत ने देवीखेत-त्रिशूला मोटर मार्ग की खस्ताहाल स्थिति का मुद्दा उठाया। डामक की क्षेत्र पंचायत सदस्य कामिनी भंडारी ने पोखरी-बिशाल-बामनाथ मोटर मार्ग की खराब स्थिति और क्षेत्र में बढ़ते प्लास्टिक कचरे पर चिंता जताई। ब्राह्मणथाला के प्रधान दीपक थपलियाल ने गांव में पेयजल संकट और मोहनखाल-ताली-कसारी सड़क पर उगी झाड़ियों को हटाने की मांग की। सलना की प्रधान हेमलता देवी ने सलना-डाडा सड़क निर्माण की मांग उठाई। सूगी की प्रधान विमला देवी और सिनाऊ तल्ला-मल्ला की प्रधान संतोषी देवी ने अपनी ग्राम सभाओं में पेयजल समस्या का समाधान कराने की मांग की। जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र सिंह राणा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी और अल्ट्रासाउंड मशीन की व्यवस्था किए जाने का मुद्दा उठाया। विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र राणा ने नगर पंचायत क्षेत्र पोखरी में पार्किंग की व्यवस्था न होने से लगने वाले जाम की समस्या का मामला उठाते हुए पार्किंग निर्माण की मांग की। उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्र में बढ़ते वाहनों के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें